(BIHAR, India)
राजद सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव और डाक्टरों के बीच छाया विवाद बढ़ता ही जा रहा है। इनके बीच फीस निर्धारित करने के मामले पर ये विवाद हुआ था। निजी चिकित्सकों की संस्था आईएमए और भासा ने इस मामले में पप्पू के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आईएमए और भासा ने सांसद की ओर से निजी चिकित्सकों और चिकित्सीय जांचों की फीस निर्धारित करने के मामले को जनहित के खिलाफ बताया। साथ ही सांसद की शिकायत लोकसभा अध्यक्ष से करने का ऐलान भी किया। वही राजद नेता का कहना है कि वे 13 अक्टूबर को मधेपुरा स्टेडियम में जन अदालत लगाकर चिकित्सकों और पैथोलॉजी सेंटरों की फीस के मामले में निर्णय लेंगे। उनका कहना है कि जनता के इस संघर्ष के लिए अगर उन्हें इस्तीफा भी देना पड़े तो वे तैयार हैं। आईएमए की ओर से लोकसभा अध्यक्ष को भेजी गई शिकायत के मामले में सांसद ने कहा कि वे जवाब देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई सभी चिकित्सकों के खिलाफ नहीं है। बल्कि ये लड़ाई फर्जी, भ्रष्ट व पैसे कमाने को धर्म मानने वाले डाक्टरों, पूंजीपतियों के हिमायती व गरीबों के दुश्मन जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।