सीट बंटवारे पर गतिरोध के बीच अमित शाह का मुंबई दौरा रद्द
(MAHARASHTRA, India) पूर्व में माना जा रहा था कि महाराष्ट्र में ‘महायुति’ (वृहद गठबंधन) के साझेदारों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर जारी गतिरोध के बीच शाह शाम को मुंबई पहुंचेंगे। पार्टी सूत्रों ने पूर्व में कहा था कि गठबंधन की उलझन को लेकर भाजपा की राज्य इकाई के वरिष्ठ नेताओं के साथ शाह के चर्चा करने की उम्मीद है। ‘महायुति’ के नेताओं की मंगलवार रात यहां हुई बैठक बेनतीजा रही जिसमें छोटे दलों ने और सीटों की अपनी मांग पर जोर दिया तथा महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के लिए शिवसेना द्वारा पेश फार्मूले पर नाखुशी जताई। शिवसेना ने अपने फार्मूले में 151 सीटें अपने पास रखने, 130 सीटें भाजपा को देने और 7 सीटें सहयोगियों को देने की पेशकश की है। महाराष्ट्र में अगले माह विधानसभा चुनाव होने हैं। भगवा गठबंधन के चार कनिष्ठ सहयोगी दल राजू शेट्टी का स्वाभिमान शेतकारी संगठन, महादेव जनकेर की अगुवाई वाला राष्ट्रीय समाज पक्ष, विनायक मेटे का शिव संग्राम और रामदास अठावले का आरपीआई (ए) हैं। शेट्टी ने पूर्व में कहा था कि चार दलों को सात सीटें देना उनका ‘अपमान’ करना है और इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा था कि अगर शिवसेना गठबंधन के 4 साझेदारों को 7 सीटें देगी तो यह हमारा अपमान होगा। शिवसेना और भाजपा सभी 288 सीटों पर चुनाव लड़ सकते हैं और अपने अपने अहं को संतुष्ट कर सकते हैं। बताया जाता है कि अठावले को भी शिवसेना का प्रस्ताव पसंद नहीं आया और वह बीती रात बैठक के बीच से उठ कर चले गए।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।