(DELHI, India)
राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अशोक परनामी के दिल्ली पहुंचने पर राज्य सरकार के मंत्रिमण्डल विस्तार की अटकलों ने जोर पकड़ लिया है। राजे ने अपने दिल्ली स्थित आवास पर राष्ट्रीय सहसंगठन मंत्री श्योदान सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री भूपेन्द्र यादव, प्रदेश के पंचायतीराज मंत्री गुलाबचंद कटारिया और परनामी के साथ बैठक कर दो घण्टे चर्चा की। बताया जा रहा है कि बैठक में मंत्रिमण्डल विस्तार और राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर चर्चा हुई। इसके अलावा निकाय चुनावों और संगठन की मजबूती पर भी चर्चा हुई। विधानसभा उपचुनाव में 4 में से 3 सीटों पर मिली हार को देखते हुए बैठक में तय किया गया कि मंत्रिमण्डल विस्तार में जाति समीकरण के साथ ही सभी संभागों के प्रतिनिधित्व का ध्यान रखा जाएगा। सूत्रों के अनुसार मंत्रिमण्डल विस्तार नवरात्र के बाद होगा। इसके पीछे कारण पार्टी के आला नेताओं की हरियाणा और महाराष्ट्र चुनाव में व्यस्तता बताई जा रही है। बैठक को लेकर प्रदेश में चर्चाओं का दौर गर्म रहा। खुद को मंत्री पद का दावेदार मानने वाले विधायक एक दूसरे से इस बैठक को लेकर पूछते रहे।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।