(Hindaun, Karauli)
टोडाभीम क्षेत्र के कटारा अजीज गांव में चल रहे गुर्जर महापड़ाव के दौरान सोमवार शाम तक राज्य सरकार की ओर से कोई संदेश नहीं आने पर गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला ने आज सुबह दस बजे महापड़ाव स्थल से कूच करने की घोषणा की। हालांकि कूच का स्थान और तरीका सुबह दस बजे ही तय किया जाएगा। सोमवार को दो घण्टे तक गुर्जर समाज के विभिन्न गोत्रों के लोगों से पाण्डाल में वार्ता के बाद मंच से कर्नल बैंसला ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा, वे अब आरक्षण लेकर ही हटेंगे। हालांकि बैंसला ने कूच का स्थान तय नहीं किया है, लेकिन कहा कि वे खेतों में होकर निकलेंगे। वैसे कूच के बाद दूसरे स्थान पर महापड़ाव डाले जाने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन महापड़ाव स्थल से रेलवे ट्रैक दस किलोमीटर की दूरी पर ही है। भाजपा विधायक मानसिंह गुर्जर ने कहा कि गुर्जर सहित विशेष पिछड़ा वर्ग को आरक्षण देने के लिए राज्य सरकार वैधानिक हल निकालेगी। इसके लिए राज्य सरकार निरन्तर प्रयास कर रही है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।