बढ़ी बिहार की परेशानी......सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद बिहार के दो कोल ब्लॉक रद्द
(BIHAR, India) सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद बिहार के दो कोल ब्लॉक रद्द हो गए हैं। दोनों ब्लॉक झारखंड में हैं और इनमें बिहार की हिस्सेदारी तय की गई थी। इनमें पूर्वी बोकारो के सरिया कोइयाटांड और राजमहल स्थित उरमापहाड़ी कोल ब्लॉक शामिल हैं। हालांकि, एक निजी सेक्टर का ब्लॉक भी रद्द किया गया है, जो बिजलीघर के लिए ही निर्धारित था। ब्लॉक रद्द होने से बिहार की परेशानी बढ़ गई है। इसका सीधा असर राज्य के बिजलीघर पर पड़ेगा। राज्य में बिजली उत्पादन प्रभावित हो सकता है। दोनों ब्लॉक बिहार राज्य खनिज विकास निगम के जिम्मे थे। उरमापहाड़ी का इस्तेमाल बिजली उत्पादन में होना था। राज्य सरकार ने इसके कोयले का उपयोग बरौनी बिजलीघर में करने की योजना बनाई थी, जबकि सरिया कोइयाटांड ब्लॉक का कॉमर्शियल उपयोग होना था। राज्य में प्रस्तावित इस्पात फैक्ट्री में इसका इस्तेमाल किया जाना था, पर दोनों ब्लॉक रद्द होने के बाद बरौनी बिजलीघर के साथ इस्पात फैक्ट्री के भविष्य पर संकट गहराने लगा है। बरौनी बिजलीघर की 110-110 मेगावाट की दो यूनिटों का जीर्णोद्धार व आधुनिकीकरण का काम चल रहा है, जबकि 250 मेगावाट की दो नई यूनिट का निर्माण भी होना है। उरमापहाड़ी का इस्तेमाल नई यूनिट में होना था।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।