विधानसभा चुनाव 2014: हरियाणा और महाराष्‍ट्र में आज थम जाएगा चुनाव प्रचार का शोर
(MAHARASHTRA, India) गौर हो कि इन दोनों राज्‍यों में आज चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है। अंतिम दौर के प्रचार अभियान के लिए सभी पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। बीजेपी और कांग्रेस के कई वरिष्‍ठ नेता आज विभिन्‍न जगहों पर कई रैलियों को संबोधित करेंगे। प्रचार के अंतिम दौर में रविवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र में डेरा डाला, जबकि मायावती, प्रकाश सिंह बादल, रविशंकर प्रसाद ने हरियाणा में मोर्चा संभाले रखा था। दोनों प्रदेशों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर चलाने का प्रयास बीजेपी की ओर से किया जा रहा है। मोदी ने अपनी रैलियों में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि 15 अक्‍टूबर के चुनाव में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलने से ही राज्य प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा। वहीं, एक अन्‍य रैली में कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियों को 10-10 से ज्यादा सीटें नसीब नहीं होंगी। उस्मानाबाद की एक चुनावी रैली में एनसीपी के चुनाव चिह्न ‘घड़ी’ पर चुटकी लेते हुए मोदी ने कहा कि आप सभी ने (एनसीपी का चुनाव चिह्न) ‘घड़ी’ देखा होगा, जिसमें 10 बजकर 10 मिनट दिखता रहता है। क्या आपको पता है कि यह क्या संकेत करता है? यह संकेत है कि कांग्रेस और एनसीपी को आगामी चुनावों में 10-10 से ज्यादा सीटें नहीं मिलने वाली। मोदी ने कहा कि कांग्रेस-एनसीपी ने अपने 15 साल के शासनकाल में बहुत लूटा है और अब उनकी विदाई का वक्त आ चुका है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।