(DELHI, India)
सिंगापुर दौरे पर गई मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सिंगापुर सरकार को भरोसा दिलाया है कि राजस्थान सरकार निवेश की इच्छुक कंपनियों को पूरा सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सिंगापुर यात्रा के पहले दिन प्रधानमंत्री कार्यालय, गृह, व्यापार और उद्योग विभाग के मंत्री एस. ईश्वरन के साथ मुलाकात में यह आश्वासन दिया। ईश्वरन ने कहा कि सिंगापुर की कई छोटी व मध्यम स्तरीय कंपनियां राजस्थान में निवेश के लिए उत्सुक होंगी। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से वर्ष 2015 में आयोजित रिसर्जेट राजस्थान के लिए सिंगापुर सरकार और वहां की कंपनियों की ओर से जानकारियों के नियमित आदान-प्रदान और सहयोग का भरोसा जताया। मुख्यमंत्री राजे ने ईश्वरन को हाल ही जारी राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना और सौर ऊर्जा नीति के बारे में जानकारी दी। इस मुलाकात के दौरान चिकित्सा तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक्स, नगरीय विकास और कचरा प्रबंधन में सिंगापुर की कंपनियों के साथ साझेदारी की संभावनों पर बातचीत हुई। प्रदेश की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार को लेकर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सिंगापुर की जल प्रबंधन कंपनी के पदाधिकारियों से चर्चा की। प्रदेश में पानी के शुद्धिकरण में पानी की कम से कम बर्बादी वाली मेम्ब्रेन तकनीक के इस्तेमाल को लेकर कंपनी हाईफ्लक्स की मुख्य कार्यकारी अधिकारी और कार्यकारी अध्यक्ष ओलिविया लम और अन्य अधिकारियों के साथ राजे ने विस्तृत बातचीत की।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।