(BIHAR, India)
महाराष्ट्र और हरियाणा में बीजेपी की शानदार जीत के बाद पार्टी प्रमुख अमित शाह ने कहा था कि अब बिहार और बंगाल की बारी है। बिहार में नीतीश और बीजेपी की राहें जुदा होने के बाद वहां की राजनीति दिलचस्प हो गई है। लोकसभा में जबर्दस्त कामयाबी के बाद बीजेपी नीतीश को प्रदेश की राजनीति से भी अलग-थलग करने में लगी है। मंगलवार को बीजेपी ने जिन राज्यों में प्रभारियों की नियुक्ति की है उससे अमित शाह के मिशन की रणनीति साफ समझ में आती है। शाह की नजर में बिहार सबसे खास है। बीजेपी ने भूपेंद्र यादव को बिहार का प्रभारी बनाया है। भूपेंद्र राजनीति में आने से पहले पत्रकार और वकील भी रहे हैं। बिहार में भूपेंद्र की नियुक्ति कुछ मायनों में बेहद खास है। बिहार में पिछड़ी जातियों का वर्चस्व किसी से छुपा नहीं है। इन पिछड़ी जातियों में यादवों का दबदबा सबसे ज्यादा है। ऐसे में भूपेंद्र यादव की नियुक्ति कर बीजेपी ने बिहार में सबसे ताकतवर पिछड़ी जाति यादवों को संदेश देने की कोशिश की है कि वह केवल अगड़ों की पार्टी नहीं है। वहीं बिहार में कांग्रेस के प्रभारी सीपी जोशी हैं। सीपी जोशी राजस्थान के हैं। भूपेंद्र यादव भी राजस्थान से ही ताल्लुकात रखते हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।