अपना दल के राष्ट्रीय महासचिव पद से हटाई गईं सांसद अनुप्रिया पटेल
(Bilhaur, KanpurNagar) अनुप्रिया की मां और अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने सोमवार को कानपुर में एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करके अपनी बेटी को अनुशासनहीनता के आरोप में पार्टी महासचिव के पद से हटाने की घोषणा की। कृष्णा ने कहा कि अनुप्रिया ने कुछ चाटुकारों के प्रभाव में आकर अनुशासनहीनतापूर्ण कार्य किए। लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने एक राष्ट्रीय कमेटी घोषित कर दी। उसमें ऐसे सदस्य रखे जिन्हें मैं जानती तक नहीं। उसके बाद गलत ढंग से कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाए रखा। उन्होंने कहा कि अभी 20 तारीख को अनुप्रिया ने मेरे अधिकार के बारे में कहा कि मेरे सारे काम वह ही देखेंगी, यह तो गलत बात है। मेरी मर्जी के बगैर यह कैसे हो जाएगा। कृष्णा ने कहा कि भाजपा के साथ गठबंधन अनुप्रिया का अकेले का फैसला नहीं था। वह बगैर चिहन के चुनाव लड़ना चाहती थीं, जबकि मैंने कहा कि हम अपने चुनाव निशान पर ही मैदान में उतरेंगे। अनुप्रिया को पार्टी से निकाले जाने की सम्भावना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कुछ साफ ना बताते हुए कहा कि यह पार्टी एक आंदोलन है। इसमें सबका सहयोग चाहिये। अनुप्रिया पार्टी की सदस्य तो हैं ही। इस बीच, अनुप्रिया ने खुद पर लगे आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा पार्टी के हित में काम किया और उन पर लगा अनुशासनहीनता का इल्जाम सरासर नाइंसाफी है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।