(MAHARASHTRA, India)
महाराष्ट्र में बनने जा रही बीजेपी की सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे को शामिल होने का न्योता भेजा है। उद्धव ठाकरे शिवसेना नेता और प्रवक्ता संजय राउत के साथ फडणवीस के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। गौर हो कि बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस आज शाम साढ़े चार बजे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह के लिए पार्टी ने शानदार तैयारियां की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत बीजेपी शासित राज्यों के तमाम मुख्यमंत्री और पार्टी के आला नेता इस समारोह में शिरकत करेंगे। इस शपथ ग्रहण समारोह में देवेंद्र फडणवीस के साथ कुछ और मंत्री भी शपथ लेंगे। इनमें पंकजा मुंडे, सुधीर मुंगटीवार, विनोद तावड़े, एकनाथ खड़से, गिरीश बापट शामिल हो सकते हैं। गौर हो कि फड़नवीस महाराष्ट्र के 27वें और प्रदेश में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में आज यहां एक भव्य समारोह में शपथ लेंगे। 44 साल के फड़नवीस नागपुर से विधायक चुने गए हैं। इस समारोह के लिए भारत के पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर, दिलीप वेंगसरकर, धनराज पिल्लै सहित कई खिलाड़ियों को न्यौता दिया गया है। समारोह में 35 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। 6 हजार अतिरिक्त लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।