बीजेपी और आजसू में शुरू हुआ गठबंधन का विरोध
(JHARKHAND, India) आजसू के साथ गठबंधन के खिलाफ भाजपा में विरोध मुखर हो गया है। भाजपाई सड़क पर उतर गए हैं। इस्तीफे का दौर शुरू हो गया है। नेता और कार्यकर्ता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से गठबंधन तोड़कर झारखंड में अकेले चुनाव लड़ने की मांग कर रहे हैं। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में मंगलवार को गठबंधन का जबरदस्त विरोध हुआ। गोमिया से आए पूर्व विधायक छत्रुराम महतो ने गठबंधन को पार्टी हित के विपरीत बताया। उन्होंने कहा कि जब मोदी की लहर है तो पार्टी इतनी कमजोर क्यों हो गई कि गठबंधन करना पड़ा। यहां सीपी सिंह से भी तीखी नोक-झोंक हुई। रामगढ़ में गठबंधन के विरोध में भाजपा के कई पदाधिकारियों ने मंगलवार को इस्तीफे दे दिए। इनमें पूर्व विधायक शंकर चौधरी, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य प्रकाश मिश्रा, पप्पू बनर्जी, चंद्रशेखर चौबे आदि शामिल हैं। सिमडेगा में विमला प्रधान को टिकट देने के विरोध में पूर्व विधायक निर्मल बेसरा की अध्यक्षता में बैठक हुई। बेसरा ने कहा कि वे लोग प्रदेश के नेताओं से मिल कर इसका विरोध करेंगे। प्रत्याशी नहीं बदला गया तो वे लोग अपना प्रत्याशी खड़ा करेंगे। जमशेदपुर के जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आनेवाले नौ मंडल के अध्यक्षों की पार्टी कार्यालय में बैठक हुई।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।