(Pindra**, Varanasi)
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए प्राचीन मंदिरों की नगरी में तैयारियां जोरों पर हैं। मोदी के यहां बुनकरों के लिए एक व्यापार सुविधा केंद्र की आधारशिला रखने और साथ ही अपनी ‘सांसद आदर्श ग्राम योजना’ के तहत एक गांव को गोद लेने की उम्मीद है। पुलिस महानिरीक्षक अशोक जैन के अनुसार उत्तर प्रदेश के 12 पुलिस अधीक्षक रैंक के पुलिस अधिकारी, 18 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 20 पुलिस उपाधीक्षक, 135 उप निरीक्षक और प्रोविंशियल आम्र्ड कांस्टेबुलरी के 1000 से अधिक कर्मी तैनात किए गए हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारी और कर्मी प्रधानमंत्री की सुरक्षा में लगे विशेष सुरक्षा समूह के साथ सहयोग करेंगे। हालांकि प्रधानमंत्री के साथ कौन आ रहा है इसे लेकर अब तक कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है लेकिन पुलिस महानिरीक्षक ए सतीश गणेश ने कहा कि मोदी के साथ ‘पांच से छह केंद्रीय मंत्रियों’ के आने की संभावना को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं की गयी हैं। प्रधानमंत्री का दौरा 24 घंटे से कुछ ज्यादा का हो सकता है। इस दौरे ने शहर के लोगों में बेहतर भविष्य की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। जब से मोदी ने यहां की लोकसभा सीट बरकरार रखने का फैसला किया है तब से दुनिया के प्राचीनतम शहरों में से एक वाराणसी लगातार चर्चा में है। मोदी को यहां 3.7 लाख वोटों के बड़े अंतर से जीत मिली थी। मोदी ने अपने गृहराज्य गुजरात की वडोदरा सीट छोड़ी थी जहां उन्हें इससे भी बड़े अंतर (5. 7 लाख वोट) से जीत मिली थी
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।