शिवसेना ने फड़णवीस सरकार पर बोला हमला- 'सरकार ने भ्रष्ट तरीके से बहुमत हासिल किया'
(Mumbai, Mumbai) महाराष्ट्र विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने के बाद से ही बीजेपी शिवसेना के निशाने पर है। शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना में भी बीजेपी पर वार किया है। पार्टी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने सामना में विश्वास मत हासिल करने को पाखंड करार दिया है। उद्धव ने लिखा है कि जिस तरह से विधानसभा के पवित्र सदन में बीजेपी ने बहुमत हासिल करने के लिए नियम और परंपरा का उल्लंघन किया है। उससे साफ है कि स्वच्छ प्रशासन का दावा करने वाली इस पार्टी की नीयत क्या है। उन्होंने कहा कि इस पाप का प्रायश्चित नहीं है क्योंकि इसमें जनता के विश्वास का गला घोंटा गया है। आरोप लगाया गया है कि अगर बीजेपी मतदान कराती तो शायद उसे करारी शिकस्त का सामना करना पड़ता। गौर हो कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अल्पमत सरकार ने यहां बुधवार को राज्य विधानसभा में ध्वनिमत से विश्वासमत जीत लिया। शिवसेना विपक्ष की भूमिका में आ गई है। भारतीय जनता पार्टी के फुलांबरी से विधायक हरिभाउ के. बागड़े महाराष्ट्र विधानसभा के नए अध्यक्ष चुने गए हैं। इस दौरान एनसीपी ने सदन से बाहर रहने का ही फैसला किया। विपक्ष के गलत तरीके से विश्वासमत हासिल करने के आरोप पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने कहा कि अगर विपक्ष को ऐसा लगता है कि हमारे पास बहुमत नहीं है तो वो हमारी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए और गिरा दे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।