पार्रिकर समेत 11 उम्मीदवार राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित
(India) प्रमुख सचिव विधानसभा एवं राज्यसभा चुनाव के निर्वाचन अधिकारी प्रदीप दुबे ने बताया कि मनोहर पार्रिकर (भाजपा) के अलावा सपा से राम गोपाल यादव, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आजम खां की पत्नी तजीन फातिमा, पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के पुत्र नीरज शेखर, रवि प्रकाश वर्मा, जावेद अली खान और चंद्रपाल सिंह यादव निर्वाचित हुए हैं। उधर, उत्तराखंड की एकमात्र रिक्त राज्यसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मनोरमा डोबरियाल शर्मा को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। प्रदीप दुबे ने बताया कि बसपा से राजाराम और वीर सिंह निर्वाचित हुए, जबकि कांग्रेस से पीएल पुनिया राज्यसभा के लिए चुने गये। उत्तर प्रदेश विधानसभा में पार्टियों के सदस्यों की संख्या के आधार पर सत्ताधारी सपा के खाते में छह सीटें आयीं हैं। बसपा को दो तथा भाजपा और कांग्रेस के हिस्से एक-एक सीट आयी है। कांग्रेस उम्मीदवार पुनिया का सत्ताधारी सपा ने समर्थन किया था। उत्तराखंड विधानसभा के सचिव जगदीश चंद्र ने बताया कि प्रत्याशियों के नामांकन वापसी के लिए तय समय सीमा के बीत जाने के बाद सीट पर खड़ी एकमात्र प्रत्याशी कांग्रेस की मनोरमा डोबरियाल शर्मा को ऊपरी सदन के लिये निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया है। चंद्र ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी को राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने संबंधी प्रमाणपत्र भी जारी कर दिया गया है। वरिष्ठ भाजपा नेता भगत सिंह कोश्यारी के लोकसभा सदस्य चुने जाने के कारण रिक्त हुई राज्यसभा सीट पर संख्या बल के चलते कांग्रेस प्रत्याशी मनोरमा की जीत पहले से ही तय मानी जा रही थी। 70 सदस्यीय विधानसभा में सत्ताधारी कांग्रेस के 35 सदस्य हैं, जबकि सात सदस्यों वाला प्रगतिशील लोकतांत्रिक मोर्चा उसके नेतृत्व वाली सरकार में शामिल है। मुख्य विपक्षी भाजपा के विधायकों की संख्या 28 है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।