हिसार : रामपाल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कसी कमर, आश्रम परिसर छावनी में तब्दील
(Adampur, Hisar) हरियाणा पुलिस समेत आरएएफ, सीआरपीएफ के जवान मौके पर तैनात हैं। महिला समर्थकों की मौजूदगी को देखते हुए महिला पुलिस को भी बुला लिया गया है। बताया जा रहा है कि आश्रम के अंदर रामपाल के करीब 10,000 समर्थक डटे हुए हैं। साथ ही रामपाल के 20,000 कमांडो भी उनकी गिरफ्तारी रोकने के लिए तैनात हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दंगा निरोधी दस्ता, एंबुलेंस, जेसीबी का भी इंतजाम किया गया है। पुलिस हाइकोर्ट के आदेश पर रामपाल को सोमवार तक गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने की तैयारी में है, वहीं रामपाल के समर्थक उन्हें किसी कीमत पर गिरफ्तार नहीं होने देना चाहते हैं। रामपाल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने व्यापक तैयारी कर रखी है, लेकिन उनके समर्थक पुलिस की राह में बाधा बने हुए हैं। उनके हजारों समर्थक भी आश्रम के बाहर लाठी-डंडों से लैस हैं। बढ़ते तनाव के बीच पुलिस ने पूरे इलाके में धारा 144 लगा दी है। आसपास के अस्पतालों को भी अलर्ट पर रहने को कह दिया गया है। तनाव बढ़ता देख हिसार-चंडीगढ़ राजमार्ग को बंद कर दिया गया है। रामपाल को सोमवार को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में पेश होने का निर्देश दिया गया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शनिवार को रामपाल से शांतिपूर्ण तरीके से और बिना किसी अवरोध के खुद अदालत में पेश होने के लिए अपील करते हुए कहा था कि हर किसी को न्यायिक तंत्र की गरिमा को सर्वोच्च स्थान देना चाहिए। वहां पर कैंप कर रहे हिसार रेंज के पुलिस महानिरीक्षक एके राव ने रामपाल के अनुयायियों को पुलिस के साथ सहयोग करने और अदालती आदेश की तामील करने को कहा था। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने पिछले सोमवार को सरकारी की इस दलील को खारिज कर दिया था कि रामपाल अस्वस्थ हैं और उनकी गिरफ्तारी से कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा हो सकती है। अदालत ने बाबा के खिलाफ फिर से गैर-जमानती वारंट जारी किया था और पूछा था कि 2006 के हत्या के एक मामले में उनकी जमानत क्यों नहीं रद्द कर दी जाए। सुरक्षा कर्मियों ने शनिवार को आश्रम के सामने फ्लैग मार्च किया था। प्रशासन ने आसपास के लोगों को भी सुरक्षित स्थानों पर चले जाने को कहा था। बरवाला शहर से गबीपुर गांव तक सात किलोमीटर के दायरे में सभी भोजनालय-ढाबे बंद हैं। हिसार जिला प्रशासन ने भी आश्रम के आसपास के स्कूलों को तीन दिन बंद रखने का आदेश दिया है। अस्पतालों को हाई अलर्ट कर दिया गया है और 40 एंबुलेंस तैयार रखा गया है। इससे पहले प्रशासन ने आश्रम को पानी और बिजली की आपूर्ति रोक दी थी। पुलिस इस पर भी नजर रखे हुए है कि रामपाल के अनुयायी चंडीगढ़ की ओर नहीं जा पाएं। अदालत में सोमवार को होने वाली सुनवाई के मद्देनजर इससे कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा हो सकती है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।