(HARYANA, India)
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि अभिलेख विभाग के महानिदेशक एवं सचिव 1991 बैच के आईएएस अधिकारी अशोक खेमका को राज्य परिवहन आयुक्त एवं सचिव परिवहन विभाग नियुक्त किया गया है। खेमका ने गुड़गांव जिले के शिकोहाबाद में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा की जमीन का दाखिल खारिज रद्द कर दिया था। मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व वाली राज्य की पहली भाजपा सरकार ने आज के इस कदम के तहत 21 में से 19 उपायुक्तों और दो मंडलायुक्तों का तबादला कर दिया। स्थानांतरित अधिकारियों में कृषि, खेल, तकनीकी शिक्षा, सूचना एवं जनसंपर्क, इलेक्ट्रानिक और सूचना प्रौद्योगिकी तथा खाद्य एवं आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों के महानिदेशक भी शामिल हैं। अन्य स्थानांतरित अधिकारियों में विभिन्न विभागों के सचिव और विशेष सचिव, विभिन्न निगमों और बोर्डें के प्रबंध निदेशक, विभिन्न जिलों के अतिरिक्त उपायुक्त भी शामिल हैं। आनंद मोहन शरण को नयी दिल्ली में रेजीडेंट कमिश्नर, हरियाणा, जबकि विनीत गर्ग को हरियाणा राज्य औद्योगिक विकास निगम के प्रबंध निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।