मतदान के बाद राजनीतिक दल जुटे बोर्ड बनाने के गुणा भाग में,
(Bhopalgarh, Jodhpur) मतदान होने के बाद राजनीतिक दलों ने बोर्ड बनाने को लेकर कोशिश तेज कर दी है। इसी कड़ी में रविवार को दोनों दलों की ओर से अपने पार्षद प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी कर दी गई और उन्हें एक जगह बुलाया गया। जहां हार जीत के साथ मेयर पद को लेकर भी विचार विमर्श किया गया। भाजपा की ओर से अपने जयपुर नगर निगम के पार्षद उम्मीदवारों को सीतापुरा के निजी होटल में रखा गया है। जनटीवी ने जब इसे लेकर बात की भाजपा के प्रदेश महामंत्री से तो उन्होंने कहा कि मेयर को लेकर विचार विमर्श चल रहा है और भाजपा शहर में बोर्ड बनाएगी। लेकिन माना जा रहा है कि बोर्ड बनाने के लिए जरुरी सीटों का आंकड़ा नजदीकी रहने के चलते बीजेपी को बगावत का खतरा दिख रहा है। जिसके तहत पार्टी ने ये बाड़ेबंदी की है..... इधर जोधपुर में नगर निगम चुनाव में अपना बोर्ड बनाने के लिए भाजपा ने मतदान के बाद शनिवार आधी रात अपने सभी 64 प्रत्याशियों को हाईजैक कर लिया। सभी प्रत्याशियों को रात को ही 3-4 दिन के कपड़े बैग में डालकर भाजपा सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत के होटल रिजेंट में पहुंचने का मैसेज मिला। वहां से सभी को बसों में शहर से बाहर रवाना कर दिया गया। जिसके बाद सभी प्रत्याशी भूमिगत हो गए हैं। सूत्र बताते हैं कि इन सभी प्रत्याशियों को नागौर के खींवसर ले जाया गया है। सांसद गजेन्द्र सिंह शेखावत का कहना है कि प्रत्याशी थक गए हैं। इसलिए इन्हें तीन दिन के लिए जोधपुर से बाहर घुमाने लेकर जा रहे हैं। सभी प्रत्याशियों को बाकायदा हाजिरी लेकर बसों में बैठाया गया ताकि कोई प्रत्याशी रह न जाए।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।