छह निगमों  मेयर और 40 निकायों में बीजेपी के चैरयमेन
(Amber, Jaipur) प्रदेश में 46 निकाय चुनावों में सत्तारूढ बीजेपी सभी छह नगर निगम सहित 40 निकायों में अपना बोर्ड बनाने में सफल रही। जबकि कांग्रेस छह निकायों में ही बोर्ड बना सकी। जयपुर में भाजपा के निर्मल नाहटा, जोधपुर में घनश्याम ओझा, उदयपुर में चन्द्रसिंह कोठारी, कोटा में महेश विजयवर्गीय, भरतपुर में शिव सिंह और बीकानेर में नारायण चैपड़ा महापौर चुने गए। जयपुर, कोटा और उदयपुर में महापौर निर्विरोध निर्वाचित हुए। सात अन्य निकायों में भी सभापति और अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। भाजपा 15 नगर परिषद और 19 नगर पालिकाओं में भी अपना बोर्ड बनाने में सफल रही है। सत्तारूढ पार्टी ने टोंक और झुंझुनूं में कांग्रेस के ज्यादा पार्षद होने के बावजूद जोड़तोड़ कर अपना बोर्ड बना लिया। पिलानी नगर पालिका में निर्दलीयों का बहुमत होने के बावजूद भाजपा ने सभापति पद पर अपने प्रत्याशी को विजयी बना लिया। सीमावर्ती गंगानगर में पार्टी पार्षदों के बीच खींचतान हो गई और दो उम्मीदवार आमने सामने हो गए और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी को हटा कर अजय कुमार चाण्डक को समर्थन दे दिया जिससे उनकी विजय हो गई। भाजपा के दूसरे उम्मीदवार भरत मैयर को दो मत ही मिले। प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस को चार नगरपरिषदों में ही स्पष्ट बहुमत मिला था लेकिन निर्दलीयों की मदद से कांग्रेस छह निकायों में अपना बोर्ड बनाने में सफल रही। कांग्रेस को सीकर और बालोतरा नगर परिषद और नीमकाथाना और कैथून नगरपालिकाओं में ही स्पष्ट बहुमत मिल पाया था जहां वह अपना बोर्ड बनाने में कामयाब रही।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।