दीमक की तरह है वंशवादी राजनीति : मोदी
(JAMMUandKASHMIR, India) जम्मू कश्मीर के समक्ष मौजूद समस्याओं के लिए भ्रष्टाचार, कुशासन और भाई-भतीजावाद को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने कहा कि वंशवादी राजनीति ही इन सभी समस्याओं की जड़ है। उन्होंने बिलावर विधानसभा के सांगेड मंडी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘वंशवादी राजनीति दीमक है जो लोकतंत्र की बुनियाद को चट कर जाती है।’ उन्होंने कहा कि लोगों को राज्य में पिता-पुत्र और पिता-पुत्री के शासन को खत्म करने के लिए भाजपा को वोट देना चाहिए। मोदी ने सवालिए लहजे में जनसभा से कहा, ‘क्या आपके बच्चे काबिल नहीं हैं, क्या उन्हें महत्वपूर्ण पदों पर बैठने का हक नहीं है? आपको भाजपा का चुनाव करना है ताकि पिता-पुत्र एवं पिता-पुत्री का शासन हमेशा हमेशा के लिए खत्म हो और आपके अपने बच्चों को मौका मिले।’ मोदी ने आरोप लगाया कि राज्य की पिछली सरकारों को युवकों की चिंता नहीं थी क्योंकि वे अपने बच्चों में ही व्यस्त थे। उन्होंने कहा, ‘पिछली सरकार अपने बच्चों में ही व्यस्त थीं, अब आपलोगों के लिए उन्हें हमेशा के लिए घर भेजने का वक्त है ताकि वे अपने परिवार का ख्याल रख सकें। जम्मू क्षेत्र की सभी 22 सीटें भाजपा को दें ताकि उन्हें अगले 50 सालों के लिए सजा मिल पाए।’ उन्होंने कहा कि केवल लोकतंत्र ही ऐसी ताकत है जो राज्य के युवकों को समान अवसर प्रदान करता है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘भाजपा में यह लोकतंत्र की ही ताकत है कि एक चाय बेचनेवाला अब देश का प्रधानमंत्री है, यह शक्ति आपके हाथों में है।’उन्होंने इस बात पर बल दिया कि राज्य में वर्तमान चुनाव का लक्ष्य लोकतंत्र को मजबूत करना है और लोगों को जाति या पंथ के आधार पर वोट नहीं करना चाहिए।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।