(India)
झारखंड और जम्मू-कश्मीर में पांच चरणों में हुए विधानसभा चुनाव में वोटों की गिनती मंगलवार सुबह आठ बजे शुरू हो गई। अभी शुरुआती रुझान मिलने शुरू हो गए हैं। झारखंड में भाजपा और जम्मू-कश्मीर में पीडीपी बढ़त बनाए हुए है। पूरा परिणाम दोपहर तक जाने की संभावना है।शुरुआती रुझान के मुताबिक 81 सीटों वाले झारखंड में मोदी मैजिक चलता नजर आ रहा है। यहां भाजपा पूर्ण बहुमत की ओर तेजी से आगे बढ़ रही है। सभी 81 सीटों के रुझानों में भाजपा 42, झामुमो 20, कांग्रेस 5, जेवीएम 9 व अन्य 5 सीटों पर आगे चल रहे हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बरहैट व दुमका से आगे चल रहे हैं। रांची से भाजपा के सीपी सिंह, सिल्ली से आजसू के सुदेश महतो, खरसांवा से भाजपा के अर्जुन मुंडा, जमेशदपुर पूर्व से भाजपा के रघुवर दास, महेशपुर से झामुमो के स्टीफन मरांडी, गिरीडीह व धनवाड़ से बाबूलाल मरांडी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा मझगांव और उनकी पत्नी गीता कोड़ा जगन्नाथपुर से, लिट्टीपाड़ा से भाजपा के साइमन मरांडी पीछे चल रहे हैं।
उधर, 87 सीटों वाला जम्मू-कश्मीर त्रिशंकु विधानसभा की ओर बढ़ रहा है। यहां सभी 87 सीटों के रुझान में भाजपा 24, पीडीपी 24, कांग्रेस 14, नेशनल कांफ्रेंस 17 व अन्य 8 सीटों पर आगे चल रहे हैं। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला वीरवाह व सोनवार से, पीपुल्स कांफ्रेंस के सज्जाद लोन हंदवाड़ा से, पीडीपी के मुफ्ती मुहम्मद सईद अनंतनाग से आगे चल रहे हैं। महत्वपूर्ण यह है कि घाटी में अमिराकदम सीट से हिना भट्ट के साथ-साथ भाजपा के आठ उम्मीदवार अपनी सीटों पर आगे चल रहे हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।