(JAMMUandKASHMIR, India)
जम्मू-कश्मीर में सरकार गठन का पेंच अभी तक उलझा हुआ है। ताजा घटनाक्रम में जम्मू कश्मीर के निवर्तमान मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने पीडीपी को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने पीडीपी पर बीजेपी के साथ माइंड गेम खेलने का आरोप लगाया है। उमर ने एक ट्विट के जरिए कहा है कि हमने पीडीपी को सिर्फ मौखिक तौर पर समर्थन की बात कही थी। हमने उन्हें समर्थन की चिट्ठी नहीं दी थी। सिर्फ मौखिक तौर पर ही समर्थन का प्रस्ताव दिया था। दूसरी तरफ भाजपा गठबंधन सरकार के गठन के लिए चर्चा में लगी हुई है। लेकिन अबतक यह साफ नहीं हो सका है कि सरकार अगर बनेगी तो कैसे और सीएम किसका होगा? गौर हो कि भाजपा 25 विधायकों के साथ 87 सदस्यीय विधानसभा में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी है। उसने 15 विधायकों वाले नेकां के साथ पहले गठबंधन के विकल्प को तलाशने का प्रयास किया था। माना जा रहा है कि दोनों दलों के नेतृत्व के बीच विचार विमर्श भी हुआ, लेकिन उसमें कोई बात नहीं बन सकी। इस बात को लेकर लगातार खबरें आ रही हैं कि निवर्तमान मुख्यमंत्री एवं नेकां के कार्यवाहक अध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने नई दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के साथ गुरुवार रात मुलाकात की थी, लेकिन भाजपा ने इससे इंकार किया था।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।