दिल्ली में घने कोहरे के कारण हवाई, ट्रेन सेवाएं प्रभावित, शीतलहर बरकरार
(DELHI, India) राष्ट्रीय राजधानी में शीतलहर का दौर जारी है और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम, 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सुबह पांच बज कर 30 मिनट पर दृश्यता 500 मीटर थी जो सुबह आठ बज कर 30 मिनट पर घट कर 50 मीटर हो गयी। कोहरे के कारण 27 विमानों की उड़ान में देर हुई। इनमें मुख्य रूप से विदेशों से आने वाली और देश में दूसरे स्थानों पर जाने वाली उड़ानें शामिल हैं। उत्तर रेलवे के अधिकारी के मुताबिक, छह ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। खराब मौसम के कारण 79 ट्रेन अपने निर्धारित समय से विलंब से चल रही हैं जबकि 10 अन्य ट्रेनों के प्रस्थान समय को पुनर्निधारित किया गया है। डिब्रूगढ़, भुवनेश्वर, सियालदह और रांची से आने वाली राजधानी ट्रेनें विलंब से चल रही हैं। मौसम विभाग ने दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान जताया है। कल का अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।