टाटा मोटर्स फिर एक छोटी कार लाने की तैयारी में
(India)
बहुराष्ट्रीय कार कंपनियों से पिछडने के बाद टाटा मोटर्स भारतीय बाजार में नई रणनीति से हलचल मचाने को तैयार है। कंपनी ने कार बाजार के जिस वर्ग (छोटे कार) में सबसे ज्यादा धोखे खाए हैं, अब उसी में उसका सबसे ज्यादा फोकस है। हैचबैक कार बाजार में पिछले हफ्ते श्बोल्टश् नाम से नई कार उतारने के बाद टाटा मोटर्स का पूरा ध्यान अब छोटी कार बाजार पर है। पूरी तरह से भारतीय ग्राहकों की जरूरत व ट्रेंड को ध्यान में रखकर कंपनी नई छोटी कार तैयार कर रही है। यह कार सीधे तौर पर सुजुकी और हुंडई की अल्टो व इऑन को टक्कर देगी। टाटा मोटर्स की नई छोटी कार अगले दो वर्षों के भीतर भारतीय बाजार में लांच की जाएगी। वैसे तो इसे कंपनी के भारतीय प्लांट में ही तैयार किया जाएगा, लेकिन इसकी डिजाइनिंग, इंजन वगैरह में इटली और ब्रिटेन स्थित सहयोगी फर्मों का भी साथ मिलेगा। भारतीय बाजार में टाटा मोटर्स की महत्वाकांक्षी कार नैनो लांच होने के चार-पांच वर्षों बाद भी कोई खास पहचान नहीं बना पाई है। कंपनी की तरफ से इसकी बिक्री बढ़ाने की पूरी कोशिश की गई, लेकिन अभी तक सफलता हासिल नहीं हुई है। नैनो के खराब प्रदर्शन से कंपनी की कार बाजार में हिस्सेदारी भी लगातार घटती रही। अब टाटा मोटर्स ने हॉरिजन नेक्स्ट नाम से अपनी नई रणनीति बनाई है। इसके तहत जेस्ट और बोल्ट नाम से दो कारें पांच महीनों के भीतर लांच की जा चुकी हैं।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।