जयपुर भाजपा मुख्यालय में सोमवार से मंत्रियों का दरबार लगेगा। सप्ताह में चार दिन सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक मंत्री मुख्यालय में बैठकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे। जन सुनवाई में आने वाले व्यक्ति को भाजपा के जिला अध्यक्ष या मंडल अध्यक्ष का सिफारिशी-पत्र लेकर आना होगा, सिफारिश-पत्र होने पर ही मंत्री सुनवाई करेंगे। भाजपा ने इसके लिए फॉर्मेट जारी कर सभी मंडल जिला अध्यक्षों को भिजवा दिया है। मंत्रियों के साथ भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी भी सुनवाई में शामिल होंगे। मंत्रियों का प्रयास रहेगा कि समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जाए। समस्या का समाधान होने के बाद प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी कार्यकर्ता को इसकी जानकारी देंगे। इस कार्यक्रम की उच्च स्तर पर माॅनीटरिंग की जाएगी और इसकी साप्ताहिक रिपोर्ट भी तैयार होगी। सिफारिश के पीछे भाजपा का मानना है कि इससे मंडलों और जिला अध्यक्षों का उनके क्षेत्र में महत्व बढ़ सकेगा। साथ ही वे भी कार्यकर्ताओं और आम लोगों को सिफारिश का पत्र लिखकर खुश कर सकेंगे। यहां पहले भी मंत्रियों ने लोगों की समस्याएं सुनी थीं। लेकिन इस बार पैटर्न कुछ बदला गया है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के निर्देश पर सप्ताह में चार दिन सुनवाई की जाएगी। साथ ही दो के स्थान पर तीन मंत्री और एक भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनेगा।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।