राजस्थान में तबादलों की ‘बाढ़’
(India)
राजस्थान सरकार ने माध्यमिक शिक्षा विभाग में तबादलों से रोक हटा ली है। विभाग में अब 30 जून तक तबादले हो सकेंगे। प्रदेश के हजारों शिक्षक लंबे समय से तबादलों पर से रोक हटाने का इंतजार कर रहे थे। तबादलों के माध्यम से विभाग की आदर्श स्कूलों में शिक्षकों के खाली पदों को भरा जाएगा। साथ ही इन तबादलों के जरीए समानीकरण के जो दिशा निर्देश जारी हुए हैं, उनके आधार पर अधिशेष रहने वाले शिक्षकों को दूसरे स्कूल में लगाया जा सकेगा। माध्यमिक शिक्षा में पिछले साल अक्टूबर में भी करीब 10 हजार शिक्षक-कर्मचारियों के तबादले हुए थे। प्रारंभिक शिक्षा में थर्ड ग्रेड के शिक्षकों के तबादलों के लिए अभी इंतजार करना होगा।शिक्षा विभाग की ओर से शुक्रवार को जारी आदेश में कहा गया है कि विभाग में शिक्षकों और कार्मिकों के तबादलों पर प्रतिबंध में 1 मई से 30 जून तक छूट दी जाती है। शिक्षामंत्री वासुदेव देवनानी ने बताया कि आदर्श स्कूलों में शिक्षक उपलब्ध कराने व समानीकरण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए अभी माध्यमिक सेटअप में तबादले किए जाएंगे।तबादले के लिए आवेदन फॉर्म का प्रारूप शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने आदेश जारी कर तबादलों के इच्छुक शिक्षक-कर्मचारियों से 7 मई तक ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।