फिर आंदोलन की राह पर गुर्जर
(India)
विशेष पिछड़ा वर्ग में 5 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर गुर्जरों एक बार फिर आंदोलन की राह पर है। आंदोलनकारियों ने भरतपुर के पीलूपुरा में दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक जाम कर दिया। इससे पहले समोगर में दोपहर 12 बजे गुर्जर महापंचायत हुई। महापंचायत को संबोधित करते हुए गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक कर्नल किरोड़ीसिंह बैसला ने मंच से ही सरकार को आरक्षण का प्रस्ताव लाने के लिए एक घंटे का अल्टीमेटम दिया और कहा- इसके बाद पीलूपुरा कूच कर दिया जाएगा। बैसला ने शाम करीब साढ़े चार बजे यह बात कही थी, लेकिन उनका संबोधन समाप्त होते ही लोगों ने पीलूपुरा की ओर कूच कर दिया।लोगों को बढ़ता देख बैसला भी पीलूपुरा रवाना हो गए। पीलूपुरा में लोगों ने रेलवे ट्रैक जाम कर दिया। पटरियों की फिश प्लेटें निकाल दीं। रेलवे को एहतियातन दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग बंद करना पड़ा। देर रात करीब 1200 गुर्जर पटरियों पर जमा थे। पुलिस को महापड़ाव और महापंचायत स्थल से काफी दूर तैनात किया गया है। मौके पर सादा वर्दी में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। इसके अलावा रेलवे और राजस्थान पुलिस की गुप्तचर शाखा के पुलिसकर्मी सादा वर्दी में भीड़ में रहते हुए जानकारी देते रहे। इधर, गुर्जर आंदोलन को देखते हुए प्रशासन ने चार उपखंडों में धारा 144 लगा दी गई।भरतपुर के पीलूपुरा में गुर्जरों द्वारा रेलवे ट्रैक जाम करने के बाद करौली-हिंडौन और आसपास क्षेत्र में रोडवेज बसों का संचालन भी बंद हो गया। आंदोलनकारियों ने ट्रैक की फिश प्लेटें खोल दीं। रेल और बस सेवाएं बंद होने से कई लोग रेलवे और बस स्टेशनों पर ही अटक गए। सुरक्षा के लिहाज से बयाना को छह सेक्टरों में बांटा गया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।