प्रधानमंत्री मोदी ने की कई घोषणाएं
(India)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देश के नाम संबोधन में नोटबंदी के बाद से उठ रहे कई सवालों के जवाब दिए। साथ ही विभिन्न वर्ग के लोगों के लिए राहतों की घोषणाएं कर नए साल का तोहफा भी दिया। इनमें गरीब, किसान, महिलाएं, बुजुर्ग, कारोबारी तथा निम्न और मध्यम वर्ग आय के लोग शामिल हैं। मोदी ने कहा कि किसानों के कर्ज का 60 दिन का ब्याज सरकार वहन करेगी। उन्होंने कहा कि नाबार्ड ने किसानों के लिए 21 हजार करोड़ की व्यवस्था की थी, अब इसमें 20 लाख करोड़ और जोड़े जाएंगे। नाबार्ड को जो नुकसान होगा उसे सरकार वहन करेगी। अगले 3 महीने में 3 करोड़ किसान क्रेडिट कार्ड को रुपे कार्ड में बदला जाएगा। छोटे कारोबारियों को बैंकों से 2 करोड़ रुपये तक के ऋण पर क्रेडिट गारंटी दी जाएगी। अभी यह सीमा एक करोड़ रुपये थी। गैर वित्तीय संस्थानों से कर्ज लेने वाले कारोबारियों को भी यह सुविधा मिलेगी। बैंकों को निर्देश दिया जाएगा कि वह इनके लिए नगदी क्रेडिट करें। छोटे कारोबारियों पर लगने वाला टैक्स आठ से छह फीसदी किया जाएगा। जिला सहकारी बैंकों तथा समितियों को वित्तीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिये नाबार्ड को 20,000 करोड़ रुपये अतिरिक्त उपलब्ध कराये जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दो नई योजनाएं शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत साल 2017 में घर बनाने के लिए 9 लाख रुपये तक के कर्ज पर ब्याज में 4 फीसदी छूट दी गई है, जबकि 12 लाख रुपये तक के कर्ज में 3 फीसदी की छूट दी गई है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में घर को बड़ा करने या एक और कमरा बनवाने के लिए 2 लाख रुपये तक के कर्ज पर 3 फीसदी की छूट मिलेगी। मौजूदा समय 10 प्रतिशत के करीब ब्याज दर पर चल रहे गृह ऋण में इस छूट के मुताबिक निम्न और मध्यम वर्ग के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

Author: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।