‘जरूरत पड़ी तो फिर करेंगे सर्जिकल स्ट्राइक’
(India)
देश के नए सेनाध्यक्ष बिपिन रावत ने कहा है कि फिलहाल पड़ोसी देश पाकिस्तान की तरफ से युद्ध विराम का उल्लंघन नहीं हो रहा है, सीमा पार से गोलीबारी की घटनाओं में कमी आई है लेकिन भविष्य में अगर फिर से पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया तो हम दोबारा सर्जिकल स्ट्राइक करेंगे। शुक्रवार को नई दिल्ली में सेना के वार्षिक प्रेस कॉन्फ्रेन्स में उन्होंने ये बात कही। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में अगर युद्ध होता है तो वो लड़ाई लंबी नहीं चलेगी। उन्होंने कहा, “एक कहावत है, रक्षा के लिए आक्रमण सबसे अच्छा होता है लेकिन हम आक्रमण की नीति पर नहीं चलते हैं। हम खुद और पड़ोसियों से भी शांति और सद्भाव की अपेक्षा रखते हैं।” उन्होंने कहा कि अगर कोई हमारी शांति और सद्भाव की नीति पर हमला करेगा तो हम सर्जिकल स्ट्राइक जैसे ऑपरेशन से पीछे नहीं हटेंगे इसके साथ ही सेनाध्यक्ष ने देशभर के सैनिकों से अपने सभी मुद्दे आंतरिक स्तर पर उठाने के लिए कहा है। रावत ने सेना के सामने चुनौतियों पर भी बात की। उन्होंने कहा, ‘हमें नए हथियार और सिस्टम लाने की जरूरत है। प्रॉक्सी वॉर, आतंकवाद और घुसपैठ की चुनौतियां हमें आने वाले कई साल तक परेशान करेंगी।’ रावत ने सार्वजनिक माध्यमों के प्रयोग से बचने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि जिन्हें किसी भी बात से शिकायत है, वह अधिकारियों से अपनी व्यथा कहें। उन्होंने कहा कि ‘जिसे भी किसी भी तरह की शिकायत है वो मुझसे डायरेक्टली कह सकता है।’ उन्होंने कहा कि ‘आर्मी हेडक्वार्टर और बाकी कमांड्स में सजेशन एंड ग्रीवांस बॉक्स लगा है, जिसे भी शिकायत है वो उसमें डाल सकता है, हम उस पर ध्यान देंगे।” रावत ने कहा कि ‘हमारे लिए हर जवान मायने रखता है।’

Author: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।