गुरूसर मोड़िया में रह रहे राम रहीम के एक परिजन ने गुरूवार को बताया कि 25 अगस्त को कोर्ट का फैसला खिलाफ आने की संभावना को देखते हुए राम रहीम की मां नसीब कौर, पत्नी हरजीत कौर एवं बेटे जसमीत सिंह कई दिनों से ड़ेरे की सम्पतियां अपने नाम कराने अथवा बेचने की योजना बना रहे थे। इसको लेकर वे राम रहीम के साथ बैठक करना चाहते थे,लेकिन ड़ेरा प्रबंधन में जुटे सेवादारो और हनुप्रीत ने बाबा के फिल्म की शूटिंग के साथ अन्य कामों में व्यस्तता का हवाला देते हुए परिजनों से राम रहीम की मुलाकात नहीं होने दी।
इस पर जसमीत सिंह का हनुप्रीत के साथ विवाद भी हुआ,इसकी शिकायत राम रहीम तक पहुंची तो उन्होंने बेटे को बुलाकर व्यस्तता का हवाला देते हुए अगले कुछ दिनों में बात करने के लिए कहा,इसी को लेकर राम रहीम एवं जसमीत सिंह के बीच नोकझौंक हुई थी। जसमीत सिंह ने 20 अगस्त को ही ड़ेरा छोड़कर गुरूसर मोड़िया स्थित पैतृक गांव जाने की धमकी भी दी थी,लेकिन अन्य परिजनों ने उसे ऐसा करने से रोका। अब गांव में यह रणनीति बनाई जा रही है कि गांव में ही कुछ भक्तों के बीच राम रहीम की मां नसीब कौर अपने पौत्र जसमीत सिंह को उत्तराधिकारी घोषित कर दे ।
राम रहीम परिवार की इस कवायद के बारे में जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई । बुधवार शाम से गांव में आने वाले प्रत्येक आदमी की तलाशी लेने के साथ ही नाम-पते लिखवाए जा रहे है। राम रहीम के पैतृक घर के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा ड़ेरे की सम्पतियां सीज करने के आदेश के चलते राम रहीम के परिजनों ने श्रीगंगानगर,बीकानेर एवं हनुमानगढ़ जिलों में स्थित सम्पतियां बेचने का सिलसिला प्रारम्भ कर दिया है ।
विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय एवं गांव गुरूसर मोड़िया की दो जमीनें बुधवार को बेची गई,ये दोनों राम रहीम की मां के नाम है । गुरूसर मोड़िया ड़ेरे के स्टोर में रखी 10 ट्राली ग्वार गम सहित अन्य फसलें भी बुधवार को श्रीगंगानगर मंडी में बेची गई । बीकानेर में दस बीघा जमीन का बेचान गुरूवार को किए जाने की बात सामने आई है,यह जमीन ड़ेरा प्रेमी के नाम थी। हालाकि इस जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई गई,केवल स्टाम्प पेपर पर लिखकर ही बेचान किया गया है।
इधर साध्वियों से दुष्कर्म के आरोपी राम रहीम से उसके भक्तों का मोहभंग होने लगा है । इसके चलते कुछ समर्थकों ने श्रीगंगानगर के नाले में ड़ेरा प्रमुख की तस्वीरें फेंक दी । बुधवार शाम को राम रहीम की 80 तस्वीरें मिली । श्रीगंगानगर के स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि इन दिनों नाले की सफाई का काम चल रहा है,सफाई के दौरान ये तस्वीरें मिली ,इन्हे तोड़कर नाले में फेंका गया था । बीकानेर शहर के कचरा डिपो में भी गुरूवार को चार तस्वीरें मिलने की बात सामने आई है ।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।