संघ लोकसेवा आयोग के परिणाम में कनिष्क कटारिया ने जयपुर से किया टॉप
(Amber, Jaipur) संघ लोकसेवा आयोग ने शुक्रवार रात परिणाम जारी किए। इनमें जयपुर के कनिष्क कटारिया को पहली रैंक मिली है। इसके अलावा जयपुर के ही अक्षत जैन दूसरे, अजमेर के श्रेयांस कूमट चौथे तथा नीमकाथाना सीकर के शुभम गुप्ता छठे स्थान पर हैं। उल्लेखनीय है कि 2013 में जयपुर के गौरव अग्रवाल इस परीक्षा में अव्वल रहे थे। परीक्षा में प्रदेश से लगभग 20 प्रत्याशी सफल रहे हैं।

पहले स्थान पर रहे कनिष्क आईआईटी मुंबई से बीटेक के बाद कोरिया में एक मोबाइल कंपनी में नौकरी करने चले गए थे। लेकिन सिविल सेवा में जाने की ललक में उन्होंने पूरे मनोयोग से तैयारी की। उनके पिता सांवरमल भी आईएएस अधिकारी हैं।

दूसरे स्थान पर रहे अक्षत जैन आईआईटी गुवाहाटी से पढे हैं। उनके पिता डीसी जैन आईपीएस हैं और अक्षत का परीक्षा में यह दूसरा प्रयास था। आडिट व एकाउंट सेवा में कार्यरत शुभम गुप्ता ने चौथे प्रयास में छठी रैंक हासिल की है। इसी तरह परीक्षा में अलग अलग रैंक पाने वालों में जयपुर की खुशबू लाठर, अक्षय काबरा व हनुल चौधरी का भी नाम है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।