फरवरी माह में खुदरा वाहन बिक्री में सात प्रतिशत की गिरावट
(India) फरवरी महीने में वाहनों की खुदरा बिक्री में सात फीसदी की गिरावट आई है। यात्री वाहनों और दोपहिया वाहनों समेत विभिन्न श्रेणियों में मांग कम होने के कारण यह गिरावट देखी गई है। वाहन डीलर संघों के महासंघ (फाडा) ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पिछले महीने घरेलू बाजार में वाहनों की कुल खुदरा बिक्री 18,99,196 इकाई रही, जो 2024 की समान अवधि के 20,46,328 इकाई से सात फीसदी कम है। फाडा के अध्यक्ष सीएस विग्नेश्वर ने एक बयान में कहा, "फरवरी में सभी श्रेणियों में व्यापक गिरावट देखी गई।" उन्होंने कहा कि फरवरी में खुदरा विक्रेताओं ने उनकी सहमति के बिना उन्हें वाहन भेजे जाने को लेकर चिंता जतानी शुरू कर दी थी। विग्नेश्वर ने कहा, "हालांकि इस तरह की पहल व्यापक व्यावसायिक उद्देश्यों की पूर्ति कर सकती है, लेकिन विक्रेता की व्यवहार्यता की रक्षा करने और अच्छा प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए थोक आपूर्ति को वास्तविक मांग के साथ मिलाना महत्वपूर्ण है।" फरवरी में यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री सालाना आधार पर 10 फीसदी घटकर 3,03,398 इकाई रह गई। विग्नेश्वर ने कहा, ''खुदरा विक्रेताओं ने कमजोर बाजार धारणा का हवाला दिया, जो विशेष रूप से प्रवेश स्तर की श्रेणी में चुनौतीपूर्ण लक्ष्य बना हुआ है। मूल उपकरण निर्माताओं (ओईएम) को खुदरा विक्रेताओं पर अत्यधिक खेप का बोझ डालने से बचना चाहिए।'' फरवरी में दोपहिया वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर 6 फीसदी घटकर 13,53,280 इकाई रह गई, जबकि पिछले साल फरवरी में यह 14,44,674 इकाई थी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।