महंगाई में नरमी से शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 182 अंक चढ़ा
(India) खुदरा मुद्रास्फीति में नरमी के साथ बुधवार को स्थानीय शेयर बाजार में तेजी रही और उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 182 अंक की बढ़त में रहा जबकि एनएसई निफ्टी 88 अंक से अधिक मजबूत हुआ। मंगलवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार अप्रैल में खुदरा मुद्रास्फीति की दर छह साल के निचले स्तर 3.16 पर आ गई है। इससे भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जून की मौद्रिक नीति समीक्षा में नीतिगत दर में और कटौती करने की गुंजाइश बढ़ गई है। कारोबारियों के अनुसार इसके अलावा अमेरिका में मुद्रास्फीति दर के आंकड़ों में नरमी और वैश्विक व्यापार तनाव में कमी से भी शेयर बाजार में तेजी रही। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 182.34 अंक या 0.22 प्रतिशत की बढ़त के साथ 81,330.56 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 81,691.87 अंक तक गया और नीचे में 80,910.03 अंक तक आया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 88.55 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,666.90 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में टाटा मोटर्स, इटरनल, टेक महिंद्रा, मारुति, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंफोसिस, इंडसइंड बैंक, एचसीएल टेक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और भारती एयरटेल मुख्य रूप से लाभ में रहीं। दूरसंचार कंपनी एयरटेल के शेयर में एक प्रतिशत की तेजी आई। कंपनी का समेकित शुद्ध लाभ मार्च 2025 को समाप्त तिमाही में पांच गुना बढ़कर 11,022 करोड़ रुपये हो गया, जिससे इसके शेयर में तेजी आई।
दूसरी ओर, नुकसान में रहने वाले शेयरों में एशियन पेंट्स, टाटा मोटर्स, कोटक महिंद्रा बैंक, एनटीपीसी और पावरग्रिड शामिल हैं।

सब्जी, फल और दालों की कीमतों में नरमी से अप्रैल में खुदरा मुद्रास्फीति दर छह साल के निचले स्तर 3.16 प्रतिशत पर आ गई। इससे भारतीय रिजर्व बैंक के लिए जून की मौद्रिक नीति समीक्षा में रेपो दर में फिर कटौती करने की पर्याप्त गुंजाइश बन गई है। बुधवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, खाद्य वस्तुओं, विनिर्मित उत्पादों और ईंधन की कीमतों में कमी के कारण अप्रैल में थोक मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति 13 महीने के निचले स्तर 0.85 प्रतिशत पर आ गई। अन्य एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स और हांगकांग का हैंग सेंग लाभ में रहे, जबकि जापान के निक्केई को नुकसान हुआ। दोपहर के कारोबार में यूरोप के अधिकांश प्रमुख बाजारों में गिरावट रही। मंगलवार को अमेरिकी बाजार बढ़त में रहे। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 1.13 प्रतिशत गिरकर 65.88 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 476.86 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। मंगलवार को सेंसेक्स 1,281.68 अंक जबकि निफ्टी 346.35 अंक गिरा।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।