IGRS पर गलत रिपोर्ट लगाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, CM योगी ने दिए निर्देश
(Gorakhpur, Gorakhpur) गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लगातार दूसरे दिन गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन किया। इस दौरान उन्होंने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। जनता दर्शन में कुछ लोगों ने आईजीआरएस (समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली) पोर्टल पर शिकायतों के संबंध में गलत रिपोर्ट लगाए जाने की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए गलत रिपोर्ट लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक पीड़ित की समस्या पर संवेदनशीलता से ध्यान दिया जाए और उसका समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि सभी की समस्याओं का प्रभावी समाधान कराया जाएगा और किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है।

गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने लोगों के प्रार्थना पत्र प्राप्त किए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतें सौंपते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले का निस्तारण त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिप्रद होना चाहिए।

कुछ लोगों ने जमीन पर जबरन कब्जा किए जाने की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन मामलों में पीड़ित को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ा है, उनकी जांच कराई जाए और जिम्मेदारी तय की जाए।

जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि इलाज में धन की कमी बाधक नहीं बनेगी। उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल से इलाज का इस्टीमेट प्राप्त करने की प्रक्रिया जल्द पूरी कराकर शासन को भेजने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए पर्याप्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की बात भी कही।

जनता दर्शन में एक दिव्यांग युवती ने परिवार की आर्थिक परेशानी बताते हुए इंटर पास अपने भाई के लिए रोजगार की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र पर उचित सहयोग करने के निर्देश दिए।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।