(India)
कंपनियों के बेहतर तिमाही नतीजों तथा विदेशी कोषों का प्रवाह जारी रहने से सेंसेक्स ने एक बार फिर 26,000 अंक का स्तर हासिल किया है। अब तक सेंसेक्स ने दूसरी बार 26,000 का आंकड़ा पार किया है। मजबूत रुख के साथ खुलने के बाद बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 310.63 अंक या 1.21 प्रतिशत की बढ़त के साथ 26,025.80 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले 7 जुलाई को सेंसेक्स 26,100.08 अंक पर बंद हुआ था। पिछले छह सत्रों में सेंसेक्स 1,018 अंक या 2.3 प्रतिशत का लाभ दर्ज कर चुका है। इसी तरह नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 83.65 अंक या 1.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 7,767.85 अंक पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान इसने दिन का उच्चस्तर 7,773.85 अंक भी छुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में भारती एयरटेल का शेयर सबसे ज्यादा 5 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी व टीसीएस के शेयर भी मजबूत रहे। ब्रोकरों ने कहा कि विदेशी कोषों के सतत प्रवाह वृहद आर्थिक संकेतकों में सुधार, मानसून की प्रगति व वैश्विक बाजारों से सकारात्मक संकेतों से बाजार मजबूत हुआ। आइडिया सेल्युलर के कल आए नतीजों व नियामक ट्राई द्वारा सभी श्रेणियों के स्पेक्ट्रम की भागीदारी की सिफारिश के बाद दूरसंचार कंपनियों के शेयर मांग में रहे। हालांकि, ज्यादातर मिडकैप व स्मालकैप शेयर या तो स्थिर रख या गिरावट के साथ बंद हुए। अस्थायी आंकडों के अनुसार विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने कल 161.17 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।