रिलायंस-IT शेयरों में बिकवाली से सेंसेक्स 183 अंक टूटा, निफ्टी भी गिरा; तेल की कीमतों में नरमी
(India) घरेलू शेयर बाजार बुधवार को शुरुआती बढ़त बरकरार नहीं रख पाए और गिरावट के साथ बंद हुए। रिलायंस इंडस्ट्रीज और सूचना प्रौद्योगिकी यानी IT कंपनियों के शेयरों में बिकवाली से बाजार पर दबाव बना रहा। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद ईरान पर अमेरिका के नए प्रतिबंधों और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अनिश्चितता ने निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया।

इसके अलावा नए ‘क्लोजिंग ऑक्शन सेशन’ को लेकर बनी उलझन ने भी बाजार में अनिश्चितता बढ़ाई। इस बीच वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.96 फीसदी टूटकर 85.96 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 183.15 अंक टूटकर 77,473 अंक पर बंद हुआ। वहीं, 50 शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 126 अंक गिरकर 24,207.75 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल शेयरों में इंफोसिस, भारती एयरटेल, लार्सन एंड टुब्रो, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन और टेक महिंद्रा सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयरों में रहे। दूसरी ओर कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एक्सिस बैंक, टाटा स्टील और बजाज फिनसर्व में बढ़त दर्ज की गई।

सेक्टर के हिसाब से देखें तो IT, टेलीकॉम, टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुएं, विद्युत, ऑटो और FMCG शेयरों में कमजोरी रही। वहीं धातु, बैंक, वित्तीय सेवाएं और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े शेयरों ने बाजार को कुछ सहारा दिया।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई SSE कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी बुधवार दोपहर के कारोबार में ज्यादातर में तेजी का रुख रहा। इससे पहले अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।

विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में 1,593 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।