सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में टेक महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), रिलायंस इंडस्ट्रीज और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में सबसे अधिक तेजी दर्ज की गई। वहीं सन फार्मा, ट्रेंट लिमिटेड, भारती एयरटेल, अल्ट्राटेक सीमेंट और इंटरग्लोब एविएशन के शेयर दबाव में रहे।
बाजार विशेषज्ञ शरद कोहली के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारतीय शेयर बाजार का सकारात्मक बंद होना निवेशकों के मजबूत विश्वास का संकेत है। उन्होंने कहा कि आईटी सेक्टर में आई तेजी ने बाजार की धारणा को बेहतर बनाया और निवेशकों का उत्साह बढ़ाया।
वैश्विक स्तर पर ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.79 प्रतिशत बढ़कर 85.52 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई। हालांकि इसके बावजूद घरेलू बाजार में निवेशकों ने खरीदारी जारी रखी।
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो प्राइवेट बैंक, आईटी, ऑटो, फाइनेंशियल सर्विसेज और रियल्टी शेयरों ने बाजार की तेजी का नेतृत्व किया। वहीं कैपिटल गुड्स, हेल्थकेयर, टेलीकॉम, पावर और मेटल सेक्टर अपेक्षाकृत कमजोर रहे।
एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि दक्षिण कोरिया का बाजार अवकाश के कारण बंद रहा। यूरोपीय बाजारों में भी कमजोरी देखी गई और अमेरिकी बाजार पिछले कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए।
इस बीच, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने गुरुवार को 4,205 करोड़ रुपये से अधिक के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।