सेंसेक्स 135.52 अंक गिरकर एक सप्ताह के निम्न स्तर पर पहुंचा, ईद पर कल बंद रहेंगे बाजार
(India) नेशनल स्टाक एक्सचेंज के निफ्टी में भी गिरावट दर्ज की गई और यह 7,748.70 अंक पर बंद हुआ। बंबई शेयर बाजार, नेशनल स्टाक एक्सचेंज, मुद्रा बाजार, धातु व तेल तिलहन बाजार मंगलवार को ईद उल फितर के उपलक्ष्य में बंद रहेंगे। वहीं सर्राफा व चीनी बाजारों में सामान्य कारोबार होगा। धातु, तेल एवं गैस तथा रीयल्टी शेयरों में हाल की तेजी के बाद निवेशकों की बिकवाली से यह गिरावट दर्ज की गयी। कल के अवकाश तथा गुरूवार को डेरिवेटिव्स के मासिक निपटान समाप्त होने के साथ बंबई शेयर बाजार के सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट दर्ज की गई। खुदरा निवेशकों द्वारा बिकवाली दबाव से छोटी कंपनियों तथा मझोली कंपनियों के शेयरों (स्मॉल कैप और मिड कैप) में गिरावट दर्ज की गई। तीस शेयरों वाला सेंसेक्स मजबूती के साथ खुला और शुरुआती कारोबार में एक समय 26,181.83 अंक तक चला गया। बाद में मुनाफावसूली के कारण इसमें गिरावट दर्ज की गई और यह 135.52 अंक या 0.52 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,991.23 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 25,900.25 अंक तक चला गया था।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।