(India)
सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की प्रमुख वैश्विक कंपनी कांग्नीजेंट ने जिस तरह चालू वित्त वर्ष के अपने कारोबार के अनुमान में नरमी का संकेत दिया है, उससे घरेलू आईटी कंपनियों के शेयर आज प्रभावित हुये। हालांकि रेलवे से जुड़ी कंपनियों के शेयरों मे आज तेजी देखी गयी। सरकार ने कल रेलवे निर्माण क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की अनुमति देने का फैसला किया, जिससे रेलवे क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों का आकर्षण बढ़ा हुआ था। बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स आज 76.26 अंक या 0.30 प्रतिशत गिरकर 25,589.01 अंक पर बंद हुआ। कल इसमें करीब 243 अंक की गिरावट दर्ज की गई थी। आज कारोबार के दौरान सेंसेक्स में 25,526 अंक से 25,778 अंक के बीच घट-बढ़ हुई। कांग्नीजेंट ने अपनी 2014 की वार्षिक आय में 14 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान लगाया है, जबकि पहले कंपनी ने कहा था कि आय में वृद्धि 16.6 प्रतिशत तक रहेगी। इसके असर से आईटी क्षेत्र के शेयर दबाव में रहे। प्रमुख आईटी कंपनी इंफोसिस 1.68 प्रतिशत घाटे में रही। आईटीसी का शेयर 1.56 प्रतिशत गिरा।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।