PF जमा पर ब्याज दर के बारे में 26 अगस्त को फैसला करेगा EPFO !
(India) केंद्रीय न्यासी बोर्ड की बैठक 26 अगस्त को होनी है। केंद्रीय न्यासी बोर्ड (सीबीटी) की 26 अगस्त को होने वाली बैठक में वित्त वर्ष 2014-15 के लिए ब्याज दर निर्धारण का मुद्दा एजेंडे में शामिल है। इससे पहले, सीबीटी की बैठक 21 अगस्त को होनी थी। ईपीएफओ ने 2013-14 के लिए भविष्य निधि जमा पर 8.75 प्रतिशत ब्याज का भुगतान किया जो इससे पूर्व वित्त वर्ष के 8.5 प्रतिशत से अधिक है। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार चालू वित्त वर्ष के लिये ब्याज दर का निर्धारण इस बार एक जटिल मामला है क्योंकि नई सरकार ने वेतन सीमा 6,500 रुपए प्रति माह से बढ़ाकर 15,000 रुपए प्रति महीने की घोषणा की है। हालांकि नई वेतन सीमा अभी लागू नहीं हुई है क्योंकि सरकार ने इस संदर्भ में अधिसूचना जारी नहीं की है। फिलहाल संगठित क्षेत्र में जिन कर्मचारियों का वेतन निर्धारित सीमा में है, वे ईपीएफओ की सामाजिक सुरक्षा योजना के दायरे में आते हैं। उसने कहा कि वेतन सीमा बढ़ने के साथ ईपीएफओ दायरा तथा जमा बढ़ेगा। इस आधार पर ईपीएफओ को चालू वित्त वर्ष के लिये आय अनुमान तैयार करना होगा। ईपीएफओ संबंधित वित्त वर्ष के लिये जो आय का अनुमान करता है, सीबीटी उसी के आधार पर ब्याज दर के बारे में निर्णय करता है। सीबीटी के अध्यक्ष केंद्रीय श्रम मंत्री होते हैं। इसके बोर्ड में श्रम राज्यमंत्री, श्रम सचिव, ट्रेड यूनियन, नियोक्ताओं के प्रतिनिधि तथा अन्य अधिकारी शामिल हैं। ब्याज दर के अलावा न्यासी अपने कोष के प्रबंधन के लिये प्रबंधकों की नियुक्ति को लेकर सलाहकार की नियुक्ति, चयनित पोर्टफोलियो प्रबंधकों के कामकाज की समीक्षा समेत अन्य मुद्दों पर भी विचार करेगा।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।