(India)
रीयल्टी क्षेत्र के शेयरों की अगुवाई में बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स आज के शुरुआती कारोबार में 221 अंक मजबूत हो गया। निर्यातकों और बैंकों की ओर से डॉलर बिकवाली बढ़ाए जाने के कारण अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में आज के शुरुआती कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले रुपया 13 पैसे मजबूत होकर 61.02 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गया। इसके अलावा अन्य एशियाई बाजार के सकारात्मक रुख से घरेलू शेयर बाजार में सुधार आया। बंबई शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक बीएससी-30 में पिछले तीन कारोबारी सत्रों के दौरान 579 अंकों की गिरावट दर्ज की गई थी, जो आज के शुरुआती कारोबार में 221.20 अंक अथवा 0.87 फीसदी बढ़कर 25,550.34 अंक पर पहुंच गया। इसी प्रकार नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी-50 भी 65 अंक अथवा 0.85 फीसदी के सुधरकर 7,633.55 अंक पर पहुंच गया। अन्य वैश्विक मुद्राओं की तुलना में डॉलर की कमजोरी और घरेलू शेयर बाजार में तेजी के रुख से भी रुपये की विनिमय दर मजबूत हुई। फारेक्स बाजार में इससे पिछले कारोबारी सत्र के दौरान डॉलर के मुकाबले रुपया 7 पैसे सुधरकर 61.15 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था, जो आज के शुरुआती कारोबार में 13 पैसे और सुधरकर 61.02 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गया। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि सेबी की ओर से कल रीयल एस्टेट क्षेत्र में निवेश ट्रस्ट के गठन के नियम जारी किये जाने से कोषों एवं निवेशकों ने रीयल्टी क्षेत्र के शेयरों की खरीद बढ़ायी। इसके अलावा वाहन, पूंजीगत सामान, बैंकिंग और धातु क्षेत्र के शेयरों में तेजी रही।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।