(India)
सेंसेक्स में लगातार पांचवें दिन लाभ दर्ज हुआ। यह लगातार तीसरा सत्र है जबकि सेंसेक्स ने बंद का रिकॉर्ड तोड़ा है। यूरो क्षेत्र में नए प्रोत्साहनों की उम्मीद, सकारात्मक एशियाई संकेतों तथा अमेरिकी अर्थव्यवस्था के आंकड़ों से बाजार में तेजी आई। ब्रोकरों ने कहा कि निवेशकों द्वारा कल डेरिवेटिव अनुबंधों के मासिक निपटान से पहले पोर्टफोलियो में बदलाव के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों के प्रभाव से बाजार में लगभग सभी खंडों के शेयरों में लाभ रहा। रक्षा क्षेत्र में मंजूरी मार्ग से प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की सीमा को बढ़ाकर 49 फीसदी करने के फैसले को अधिसूचित किए जाने के बाद रक्षा क्षेत्र के शेयर मांग में रहे और इनमें 20 प्रतिशत तक की तेजी आई। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स कारोबार के दौरान दिन के उच्च स्तर 26,599.12 अंक पर पहुंचने के बाद अंत में 117.34 अंक या 0.44 प्रतिशत के लाभ के साथ नए रिकॉर्ड स्तर 26,560.15 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले कल सेंसेक्स 26,442.81 अंक के रिकॉर्ड पर बंद हुआ था। पिछले पांच सत्रों में सेंसेक्स 246 अंक चढ़ चुका है। इसी तरह नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 31.30 अंक या 0.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ नए रिकॉर्ड 7,936.05 अंक पर पहुंच गया। 22 अगस्त को निफ्टी 7,913.20 अंक के रिकॉर्ड पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान इसने 7,946.85 अंक का उच्च स्तर भी छुआ। कल निफ्टी में 1.55 अंक की गिरावट आई थी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।