शेयर बाजार में रिकार्ड टूटने का सिलसिला जारी, सेंसेक्स व निफ्टी नई उंचाई पर
(India) यह लगातार सातवां महीना है जब सेंसेक्स बढ़त में रहा। नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा अर्थव्यवस्था को वृद्धि के रास्ते पर लाने के लिए उठाए जा रहे कदमों से निवेशकों में उत्साह है। मासिक डेरिवेटिव अनुबंध के निपटान के दिन उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बड़ी कंपनियों के शेयरों में लाभ दर्ज हुआ। निवेशकों की निगाह कल आने वाले अप्रैल-जून तिमाही के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़ों पर है। यूक्रेन में तनाव बढ़ने की खबर का असर हालांकि आज बाजार पर नहीं देखा गया जबकि इस खबर से एशिया और यूरोपीय बाजारों का लाभ सिमट गया। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स कारोबार के दौरान अपने सर्वकालिक उच्च स्तर 26,674.38 अंक पर पहुंच गया। इसके साथ इसने कल के रिकार्ड बंद स्तर 26,560.15 अंक को भी लांघ गया और 26,638.11 अंक पर बंद हुआ। लगातार छठे दिन सेंसेक्स लाभ में रहा। इन छह दिनों में सेंसेक्स में 324 अंक की बढ़त दर्ज हुई है। नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 18.30 अंक या 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ नए रिकार्ड स्तर 7,954.35 अंक पर बंद हुआ। इसने कल दर्ज किए गए रिकार्ड स्तर 7,936.05 अंक को पार कर लिया। कारोबार के दौरान इसने दिन का उच्च स्तर 7,967.80 अंक भी छुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में भेल, एलएंडटी, आईसीआईसीआई बैंक, ओएनजीसी, विप्रो व गेल सहित 17 में बढ़त रही, जबकि 12 में गिरावट दर्ज हुई। हीरो मोटोकार्प के शेयर मूल्य में बदलाव नहीं हुआ।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।