वैश्विक तेजी के बीच त्यौहारी मांग बढ़ने से सोना और चांदी मजबूत
(India) बाजार सूत्रों के अनुसार वैश्विक तेजी के बीच त्यौहारी मांग को पूरा करने के लिए आभूषण निर्माताओं और फुटकर कारोबारियों की ताजा लिवाली के चलते सोने और चांदी की कीमतों में उछाल आया। घरेलू बाजार का रूख तय करने वाले वैश्विक बाजार में सोने के भाव चढ़कर 1297.60 डालर प्रति औंस हो गये। इस बीच सरकार ने सोने और चांदी पर शुल्क घटाकर 420 डालर प्रति दस ग्राम और 645 डालर प्रति किलो कर दिया। इस माह पहले पखवाड़े इन कीमती धातुओं के शुल्क मूल्य 426 डालर प्रति 10 ग्राम और 650 डालर प्रति किलोग्राम थे। दिल्ली में सोना 99.9 और 99.5 शुद्ध के भाव क्रमश: 28030 रुपये और 27830 रुपये प्रति दस ग्राम कमजोर खुले और त्यौहारी लिवाली के चलते यह क्रमश: 28260 रुपये और 28060 रुपये प्रति दस ग्राम तक जा पहुंचे। सप्ताह के अन्तिम सत्रों में खरीदारी और बिकवाली के झटकों के बीच अन्त में 165 रूपये की तेजी के साथ क्रमश: 28265 रूपये 28065 रूपये प्रति दस ग्राम बंद हुए। सीमित कारोबार के दौरान गिन्नी के भाव पूर्वस्तर 24600 रूपये प्रति आठ ग्राम अपरिवर्तित बंद हुए। चांदी तैयार के भाव 175 रूपये की तेजी के साथ 42775 रूपये और चांदी सप्ताहिक डिलीवरी के भाव 95 रूपये सुधर कर 42050 रूपये किलो बंद हुए। सीमित कारोबार के दौरान छिटपुट लिवाली के चलते चांदी सिक्का के भाव मामूली उतार- चढ़ाव के बाद पूर्वस्तर 74000 : 75000 रूपये प्रति सैकंड़ा अपरिवर्तित बंद हुए।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।