(India)
इसके अलावा उच्चतम न्यायालय द्वारा कोल ब्लॉकों का भविष्य तय किये जाने तथा चालू खाते के घाटे (कैड) का आंकड़ा आने के कारण बाजार में सतर्कता की धारणा रह सकती है। अप्रैल जून की तिमाही में खनन, विनिर्माण और सेवा क्षेत्र के सुधरे हुए प्रदर्शन के कारण देश की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर ढाई वर्ष के उच्चतम स्तर 5.7 प्रतिशत पर पहुंच गई। वित्त मंत्रालय को उम्मीद है कि यह रूख शेष वर्ष में भी जारी रहेगा। बाजार विशेषज्ञों ने कहा कि निवेशकों की नजर इस सप्ताह आने वाले चालू खाते के घाटे के आंकड़े पर भी रहेगी। इसके अलावा निवेशकों की निगाह उच्चतम न्यायालय के कोल ब्लॉक के आवंटन के बारे में सोमवार के आने वाले फैसले पर भी होगी। उन्होंने कहा कि इन सबके अलावा सोमवार को वाहन कंपनियों के बिक्री आंकड़े आएंगे इसलिए इन कंपनियों के शेयरों पर भी निवेशकों का ध्यान रहेगा। कियान एनालिटिक्स के सह-संस्थापक और सीईओ अमन चौधरी ने कहा, 'घरेलू स्तर पर सबकी निगाहें उच्चतम न्यायालय के फैसले पर होगी क्योंकि उसके द्वारा कोयला ब्लॉकों का भविष्य निर्धारित होगा।' पिछले सप्ताह उच्चतम न्यायालय ने फैसला दिया था कि नीलामी पूर्व के दौर में वर्ष 1993 से वर्ष 2010 के समय पूर्ववर्ती राजग और संप्रग सरकारों के दौरान सभी कोयला क्षेत्र आवंटन ‘बगैर अधिक सोच विचार के रूख’ के ‘तदर्थ और लापरवाह’ दृष्टिकोण के साथ गैरकानूनी तरीके से किया गया। बाजार सूत्रों ने कहा कि आगे के संकेतों के लिए विदेशी निवेशकों के निवेश के रुख, वैश्विक संकेतकों, डॉलर के मुकाबले रुपये की घटबढ़ और मानसून पर निवेशकों की करीबी निगाह होगी। रेलिगेयर सिक्योरिटीज लिमिटेड के खुदरा वितरण विभाग के अध्यक्ष जयंत मांगलिक ने कहा, 'अब सोमवार को बाजार की प्रतिक्रिया जीडीपी आंकड़ों पर होगी जो बाजार की आगे की दिशा को निर्धारित कर सकता है।' वैश्विक मोर्चे पर गुरुवार को यूरोपीय सेन्ट्रल बैंक (ईसीबी) की नीतिगत बैठक होगी जिसमें अतिरिक्त मौद्रिक प्रोत्साहन दिये जाने पर उम्मीद पर सबी नजर होगी। पिछले सप्ताह बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 218.56 अंकों की तेजी के साथ 26,638.11 पर बंद हुआ।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।