(India)
नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी पहली बार 8,000 अंक को पार कर कारोबार के दौरान 8,035 तक चढ़ गया और अंत में 73.35 अंक या 0.92 प्रतिशत की बढ़त के साथ 8,027.70 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले, निफ्टी का रिकॉर्ड 7,954.35 अंक का था। कुल मिलाकर 12 मई से एक सितंबर तक 78 करोबारी सत्र में निफ्टी 7,000 से 8,000 अंक पर पहुंचा है। तीस शेयरों वाला बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 229.44 अंक या 0.86 प्रतिशत की तेजी के साथ रिकॉर्ड 26,867.55 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले, 28 अगस्त को सेंसेक्स 26,638.11 अंक के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 26,900.30 अंक तक चला गया था। इससे पहले, 28 अगस्त को कारोबार के दौरान यह 26,674.38 अंक तक चला गया था। सेंसेक्स पिछले छह कारोबारी सत्रों में करीब 324 अंक मजबूत हो चुका है। कारोबारियों के अनुसार आर्थिक वृद्धि में सुधार के बाद पूंजी प्रवाह में तेजी आयी है। चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में आर्थिक वृद्धि दर 5.7 प्रतिशत रही जो ढाई साल में सर्वाधिक है। सर्वाधिक लाभ में हीरो मोटो कार्प रही। कंपनी का शेयर 5.79 प्रतिशत उछलकर 2,759.25 अंक पर पहुंच गया। मारुति सुजुकी समेत कुछ वाहन कंपनियों की अच्छी बिक्री एक अन्य प्रमुख कारक है जिससे बाजार में तेजी आई। मारुति सुजुकी का शेयर 4.71 प्रतिशत बढ़कर 2,915.50 रुपये पर पहुंच गया। इसके अलावा लार्सन एंड टूब्रो, हिंडाल्को, ओएनजीसी, गेल, रिलायंस इंडस्ट्रीज, सिप्ला, कोल इंडिया, सेसा स्टरलाइट, टाटा पावर, टाटा स्टील, इंफोसिस तथा एनटीपीसी के शेयरों में तेजी आई।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।