सेंसेक्स, निफ्टी का एक और नया रिकॉर्ड, बाजार में लगातार नौवें दिन तेजी
(India) वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 31.55 अंक चढ़कर 8,114.60 अंक के नए रिकार्ड स्तर पर बंद हुआ। सकारात्मक आर्थिक संकेतों और विदेशी संस्थागत निवेशकों का प्रवाह जारी रहने के बीच आईटी शेयरों की अगुवाई में बाजार में तेजी आई। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स मजबूत रूख के साथ खुलने के बाद दिन के नए उच्च स्तर 27,225.85 अंक को छू गया। लेकिन रिकॉर्ड स्तर पर मुनाफावसूली से सेंसेक्स का लाभ सिमट गया और यह अंत में 120.55 अंक यानी 0.45 प्रतिशत लाभ के साथ 27,139.94 अंक के नए रिकार्ड पर बंद हुआ। पिछले 9 सत्रों में सेंसेक्स 825 अंक का लाभ दर्ज कर चुका है। अमेरिका के बेहतर विनिर्माण व निर्माण आंकड़ों के बाद टीसीएस की अगुवाई में आईटी कंपनियों के शेयरों की चमक बढ़ी। टीसीएस, इन्फोसिस व विप्रो के शेयरों में 2.45 से 3.4 प्रतिशत का लाभ दर्ज हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में 15 लाभ व 15 ही नुकसान में रहे। ब्रोकरों ने कहा कि चालू खाते के घाटे (कैड) में कमी, अप्रैल-जून तिमाही की वृद्धि दर उम्मीद से बेहतर रहने व विदेशी कोषों के सतत प्रवाह, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आदि वजहों से बाजार में धारणा सकारात्मक बनी हुई है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।