सेंसेक्स में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज, 59 अंक टूटा
(India) एचडीएफसी, आईसीआईसीआई बैंक, हीरो मोटोकार्प व टाटा मोटर्स जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में गिरावट से सेंसेक्स नीचे आया। कमजोर वैश्विक रुख से भी कारोबारी धारणा प्रभावित हुई। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स बेहतर रुख के साथ खुलने के बाद दिन के उच्च स्तर 27,178.80 अंक पर पहुंच गया। हालांकि बाद में यह एक समय गिरकर 27,000 अंक के स्तर से नीचे 26,920.56 अंक पर आ गया। अंत में सेंसेक्स 59.23 अंक या 0.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 27,026.70 अंक पर बंद हुआ। गुरुवार को सेंसेक्स 54.01 अंक के नुकसान में रहा था। इसी तरह नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 9.10 अंक या 0.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,086.85 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 8,049.85 से 8,122.70 अंक के दायरे में रहा। कल निफ्टी 18.65 अंक का टूटा था। ब्रोकरों ने कहा कि हाल में जिन शेयरों में लाभ दर्ज हुआ है उनमें बिकवाली और कमजोर वैश्विक रुख से बाजार में गिरावट आई। सेंसेक्स के 30 शेयरों में 17 नुकसान में व 13 लाभ में रहे। विभिन्न वर्गों के सूचकांकों में वाहन खंड में 0.65 प्रतिशत की गिरावट आई। एफएमसीजी वर्ग का सूचकांक 0.32 प्रतिशत व बैंकिंग 0.30 प्रतिशत टूटा।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।