(India)
इसके अलावा, कारोबार के दौरान डालर के मुकाबले रुपया 61 के स्तर से नीचे आने का भी बाजार की धारणा पर प्रतिकूल असर हुआ। अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में निवेशकों के अनुमान से पहले ही वृद्धि करने की संभावना से डालर मजबूत हुआ। 30 शेयरों वाला सेंसेक्स कारोबार के दौरान दिन के निचले स्तर 27,018.11 अंक पर आ गया था। हालांकि बाद में इसमें कुछ सुधार आया और यह पिछले बंद स्तर की तुलना में 207.91 अंक के नुकसान के साथ 27,057.41 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह, नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 8,100 के स्तर से नीचे आ गया और 58.85 अंक टूटकर 8,094.10 अंक पर बंद हुआ। ब्रोकरेज फर्म वेल्थरेज सिक्युरिटीज के निदेशक व सीईओ किरण कुमार कविकोंडाला ने कहा, ‘अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा अनुमान से पहले ही ब्याज दरें बढ़ाने की अटकलों से वैश्विक बाजारों में नरमी आई।’ उन्होंने कहा, ‘इस सप्ताह सीपीआई और आईआईपी आंकड़े एवं फेडरल रिजर्व के निर्णय बाजार की दिशा तय करेंगे। सभी की नजरें 16.17 सितंबर को होने वाली फेडरल रिजर्व (अमेरिकी केंद्रीय बैंक) की बैठक पर है।’ ब्रोकरों ने कहा कि हालांकि रीयल्टी और बिजली कंपनियों के शेयरों में लिवाली ने बाजार को और गिरने से संभाल लिया। शेयर बाजारों के अस्थायी आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने कल 479.40 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। एशियाई बाजारों में जापान को छोड़कर अन्य सभी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। चीन, हांगकांग, ताइवान, सिंगापुर और दक्षिण कोरिया के शेयर सूचकांक 0.13 प्रतिशत से 1.93 प्रतिशत के दायरे में गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में शामिल 30 में से 22 में कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए जिसमें हीरो मोटोकार्प 2.44 प्रतिशत, आईटीसी 1.85 प्रतिशत, इनफोसिस 1.84 प्रतिशत, कोल इंडिया 1.80 प्रतिशत, आरआईएल 1.67 प्रतिशत, एचडीएफसी 1.52 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.43 प्रतिशत और एलएंडटी 1.27 प्रतिशत टूट गया। वहीं दूसरी ओर, सेसा स्टरलाइट 1.62 प्रतिशत, टाटा पावर 1.58 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 1.53 प्रतिशत और बजाज आटो 1.12 प्रतिशत मजबूत हुआ।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।