फेडरल रिजर्व की नीति से बाजार खुश, सेंसेक्स ने लगाई 481 अंक की छलांग
(India) नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 139 अंक की तेजी के साथ 8,114.75 अंक पर पहुंच गया। फेडरल रिजर्व द्वारा लंबे अरसे तक ब्याज दरों को निचले स्तर पर कायम रखने की प्रतिबद्धता व भारत के चीन के साथ व्यापार को लेकर उम्मीदें बढ़ने से बाजार में तेजी आई। डाउ जोंस कल रिकार्ड स्तर पर पहुंच गया। इससे ज्यादातर एशियाई व यूरोपीय बाजारों में बढ़त रही। अमेरिकी केंद्रीय बैंक ने लगभग शून्य स्तर की ब्याज दर को 2015 में बढ़ाने पर प्रतिबद्धता जताई है। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स नकारात्मक रूख के साथ खुलने के बाद सुधरा और 12 सितंबर के बाद पहली बार यह 27,000 अंक के स्तर के ऊपर बंद हुआ। सेंसेक्स अंत में 480.92 या 1.81 प्रतिशत की बढ़त के साथ 27,112.21 अंक पर बंद हुआ। यह 2 जून के बाद सेंसेक्स की एक दिन की सबसे बड़ी बढ़त है। जाईफिन रिसर्च के मुख्य अर्थशास्त्री देवोपम चौधरी ने कहा, ‘फेडरल की कल नीतिगत घोषणा से पूंजी की निकासी को लेकर आशंका दूर हुई।’ घरेलू निवेशकों ने इसके अलावा चीन के साथ मजबूत व्यापारिक रिश्तों का भी स्वागत किया। चीन ने भारत में अगले पांच साल में 20 अरब डालर निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। निफ्टी ने भी एक बार फिर से 8,100 अंक के स्तर को छुआ। कारोबार के दौरान यह 8,120.85 अंक के उच्च स्तर पर पहुंचा। अंत में यह 139.25 अंक की बढ़ोतरी के साथ 8,114.75 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में एचडीएफसी का शेयर 3.73 प्रतिशत चढ़ा। भेल में 3.51 प्रतिशत, बजाज आटो में 3.47 प्रतिशत, डॉ. रेड्डीज में 3.34 प्रतिशत, एलएंडटी में 3.57 प्रतिशत, टाटा मोटर्स में 3.70 प्रतिशत, मारुति सुजुकी में 2.48 प्रतिशत और टाटा स्टील में 1.60 प्रतिशत की बढ़त रही।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।