(India)
आंकड़ों के अनुसार विदेशी निवेशकों ने पिछले महीने 93,493 करोड़ रुपए मूल्य के शेयर खरीदे जबकि 88,391 करोड़ रुपए मूल्य के शेयर बेचे। इस तरह से वे 5102 करोड़ रुपए (84.5 करोड़ डॉलर) के शुद्ध लिवाल रहे। विदेशी निवेशकों द्वारा यह इक्विटी बाजार में फरवरी के बाद से किया गया सबसे कम निवेश है। फरवरी में विदेशी निवेशकों ने 1,404 करोड़ रुपए का निवेश किया था। बाजार विश्लेषकों का कहना है कि सरकार द्वारा प्राकृतिक गैस की कीमतों में बढोतरी को टालने तथा उच्चतम न्यायालय द्वारा कोयला खानों का आवंटन रद्द करने के फैसले का असर बाजार धारणा पर पड़ा और निवेशकों ने कुछ हद तक शेयर बेचे। हालांकि विदेशी निवेशक भारतीय इक्विटी बाजार को लेकर अब भी उत्साहित हैं। विदेशी निवेशकों (विदेशी संस्थागत निवेशकों, सब एकाउंट या विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों) ने ऋण बाजार में निवेश जारी रखते हुए इस खंड में 16000 करोड़ रुपए (2.6 अरब डॉलर) लगाए। इस साल की शुरुआत से विदेशी निवेशकों ने शेयर बाजार में 83,438 करोड़ रुपए (14 अरब डॉलर) लगाए हैं। वहीं ऋण बाजार में उन्होंने 1.18 लाख करोड़ रुपए या 19.6 अरब डॉलर का निवेश किया है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।